बलजीत कौर को मिलेगा तेनजिंग नोर्गे नेशनल एडवेंचर अवॉर्ड, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू करेंगी सम्मानित
गोहर मंडी अपडेट्स सोलन। हिमाचल की बेटी और पर्वतारोही बलजीत कौर को तेनजिंग नोर्गे नेशनल एडवेंचर अवॉर्ड दिया जाएगा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू उन्हें साहसिक खेलों में बेहतर प्रदर्शन के लिए यह सम्मान देंगी। बलजीत को सम्मान मिलने से सोलन सहित पूरे हिमाचल में खुशी है।
बलजीत कौर सोलन जिले की कंडाघाट तहसील के एक छोटे से गांव से हैं। उनके पिता अमरीक सिंह एचआरटीसी में बस चालक हैं और मां शांति देवी गृहिणी हैं। बचपन में बलजीत अपनी मां के साथ खेतीबाड़ी में हाथ बंटाती थीं। इसके बाद उन्होंने पर्वतारोहण को अपना लक्ष्य बनाया।
एक के बाद एक हासिल कीं उपलब्धियां
12 मई 2021 को बलजीत ने नेपाल की 7,161 मीटर ऊंची माउंट पुमोरी चोटी फतह की। उन्होंने वहां तिरंगा फहराया। ऐसा करने वाली वह पहली भारतीय महिला बनीं।
इसी साल उन्होंने 8,167 मीटर ऊंची माउंट धौलागिरी चोटी भी फतह की।
इसके बाद उन्होंने माउंट एवरेस्ट, ल्होत्से और मकालू जैसी ऊंची चोटियों को फतह किया। इन तीनों चोटियों पर चढ़ाई उन्होंने 7 दिन, 2 घंटे और 8 मिनट में पूरी की।
इसके बाद उन्होंने 25 घंटे 20 मिनट में एवरेस्ट और ल्होत्से की चढ़ाई पूरी की। यह उपलब्धि हासिल करने वाली वह पहली भारतीय महिला बनीं।
पर्वतारोहण में इन उपलब्धियों के लिए बलजीत कौर को तेनजिंग नोर्गे नेशनल एडवेंचर अवॉर्ड दिया जाएगा। उनकी सफलता हिमाचल के युवाओं के लिए प्रेरणा है।
Comments
Post a Comment