मंडी में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 5 किलो खराब पनीर और कॉकरोच मिला आटा नष्ट
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शहर की मिठाई की दुकानों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान बर्फी, बेसन के लड्डू और काजू जलेबी के सैंपल जांच के लिए भरे गए। इनकी गुणवत्ता की जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।
छह प्रतिष्ठानों के किए चालान
निरीक्षण के दौरान छह प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई और स्वच्छता संबंधी कमियां पाई गईं। विभाग ने इन सभी के चालान किए। ये प्रतिष्ठान बिना पंजीकरण के भी संचालित हो रहे थे। इसके अलावा खुले में सिगरेट बेचने के मामले में दो दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उनसे पांच-पांच हजार रुपये, कुल 10 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया।
खाद्य सामग्री खरीदते समय सावधानी बरतें उपभोक्ता
विभागीय आयुक्त एलडी ठाकुर ने बताया कि निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों के रखरखाव, साफ-सफाई और गुणवत्ता में कई अनियमितताएं सामने आई हैं। विभाग की ओर से नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि पैकेट बंद और खुली खाद्य सामग्री खरीदते समय उसकी गुणवत्ता और स्थिति की अच्छी तरह जांच करें। किसी भी तरह की गड़बड़ी सामने आने पर खाद्य सुरक्षा विभाग को इसकी सूचना दें, ताकि लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।
Comments
Post a Comment